देवरिया के बघौचघाट विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत एक संविदा विद्युत कर्मी की गुरुवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान विशुनपुरा बाजार निवासी वाल्मीकि गौड़ पुत्र अमेरिका गौड़ के रूप में हुई है। वह बघौचघाट विद्युत उपकेंद्र पर संविदा विद्युत कर्मी के तौर पर कार्यरत थे। गुरुवार देर रात उन्हें विद्युत उपकेंद्र परिसर में अचेत अवस्था में पाया गया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस और परिजनों को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से वाल्मीकि गौड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी संजय रेड्डी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्युत उपकेंद्र परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। मौके पर मौजूद परिजनों ने सीओ सिटी से मृतक की पत्नी को नौकरी देने और बच्चों के भरण-पोषण के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। अधिकारियों ने उन्हें उचित कार्रवाई और नियमानुसार हरसंभव मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक वाल्मीकि गौड़ अपने पीछे पत्नी बबीता देवी और चार मासूम बच्चों — छाया, आदित्य, आशीष और आंशिक — को छोड़ गए हैं। पत्नी बबीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


