जालौन में रिश्तेदारी में आए युवक की मौत:अचानक तबीयत बिगड़ी, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पुलिस जांच में जुटी

जालौन के कालपी क्षेत्र में रिश्तेदारी में आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उन्नाव जनपद निवासी 30 वर्षीय शगुन सविता अपने फूफा रामअवतार सविता के घर कालपी के रावगंज मोहल्ले में रिश्तेदारी में आए थे। बताया गया कि वह कुछ घरेलू सामान खरीदने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखकर तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही फूफा रामअवतार सविता मौके पर पहुंचे और अन्य परिजनों की सहायता से शगुन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी ले गए। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी। युवक की आकस्मिक मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों की भीड़ अस्पताल परिसर में जमा हो गई। घटना की सूचना पर कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *