झांसी में खेत की रखवाली करने गए एक वृद्ध किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला समथर थाना क्षेत्र के गांव साजौनी का है। खेत पर बेहोश मिले किसान
मृतक की पहचान 82 वर्षीय अजुद्दी अहिरवार पुत्र मटू अहिरवार के रूप में हुई है। वह सोमवार शाम अपने घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली करने गए थे। देर शाम गांव के ही एक युवक ने फोन कर परिजनों को जानकारी दी कि अजुद्दी खेत पर बेहोश पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए झांसी रेफर कर दिया। एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताया संदेह
मृतक के बेटे वीरेंद्र अहिरवार ने बताया कि उनके पिता किसी भी प्रकार की गंभीर बीमारी से ग्रस्त नहीं थे और नियमित रूप से खेतों में काम करते थे। ऐसे में अचानक हुई मौत पर परिवार ने संदेह जताया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि किसान की मौत सामान्य प्रतीत हो रही है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो फिर जांच की जाएगी।


