रात में खेत की रखवाली करने गए किसान की मौत:नहर में तैरता मिला शव; शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

रात में खेत की रखवाली करने गए किसान की मौत:नहर में तैरता मिला शव; शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली करने गए एक 52 वर्षीय किसान का शव रविवार सुबह नहर में मिला है। मृतक की पहचान ग्राम धुरैटिया-मजरा मुहारीकला निवासी प्रकाश लोधी के रूप में हुई है, जो 28 फरवरी की रात घर से खेत के लिए निकले थे। खिरकिट रोड स्थित हरियावाला की पुलिया के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने उसे बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि प्रकाश लोधी 28 फरवरी की रात करीब 12 बजे खिरकिट रोड स्थित अपने खेत की रखवाली के लिए घर से निकले थे। उन्हें रातभर खेत पर ही रुकना था। रविवार सुबह जब वे घर नहीं लौटे तो परिवार को उनकी चिंता होने लगी। ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना, बेटे ने की शिनाख्त इसी बीच, सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों में हरियावाला पुलिया के पास नहर में शव मिलने की सूचना फैली। ग्रामीणों ने नहर में शव देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी। मृतक के पुत्र भगवान सिंह लोधी भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने पिता के रूप में की। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाला गया और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी बोले- मौत के कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट से होगा खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया- “प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।”

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *