सरगुजा में दंपती पर जानलेवा हमला, पत्नी की मौत:रात में घर लौटने के दौरान चार लोगों ने की वारदात, पति की हालत गंभीर

सरगुजा में दंपती पर जानलेवा हमला, पत्नी की मौत:रात में घर लौटने के दौरान चार लोगों ने की वारदात, पति की हालत गंभीर

सरगुजा जिले के अंधला में बीती रात घर वापस लौट रहे बाइक सवार दंपती पर चार लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों को डंडों व राड से बेदम पीटा व बाइक में भी तोड़फोड़ की। दोनों घायलों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। गंभीर अवस्था में पत्नी को रायपुर रेफर कर दिया गया। रायपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पति का अंबिकापुर में इलाज चल रहा है। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम अंधला निवासी कपिल दास (40 वर्ष) सोमवार शाम अपनी पत्नी निर्मला दास (38 वर्ष) के साथ बाइक से बगदरी गए थे। दोनों रात में वापस घर लौट रहे थे। अंधला के माझापारा में अचानक सामने आए चार लोगों ने उन्हें रोका। डंडों एवं राड से लैस चारों ने कपिल दास पर हमला कर दिया। बीच बचाव के लिए आई निर्मला दास भी डंडे एवं राड के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। गांव के लोगों ने पहुंचाया हॉस्पिटल
कपिल दास और निर्मला दास दोनों बेहोश हो गए तो हमलावर भाग निकले। दोनों को घायल अवस्था में देखकर गांव के लोगों ने उन्हें तत्काल लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल निर्मला दास को तत्काल रायपुर रेफर कर दिया गया। वहीं कपिल दास को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। निर्मला दास को परिजन लेकर रायपुर जाने के लिए रवाना हुए। रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं कपिल दास का इलाज अंबिकापुर के निजी हॉस्पिटल में चल रहा है। सुबह करीब 10 बजे कपिल दास को होश आया तो उसने चार अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने की जानकारी दी है। लूटपाट या रंजिश, जांच में जुटी पुलिस
दंपती पर हमला करने वाले कौन थे और हमला लूटपाट की नीयत से किया गया, या कोई पुरानी रंजिश थी। इन सभी पहलुओं पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
सरगुजा एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने कहा कि लखनपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *