उदयपुर के गोगुंदा कस्बे में शुक्रवार देर शाम चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इसके बाद हिंदू संगठनों ने पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। चाकूबाजी में घायल दो युवकों को उदयपुर रेफर किया गया। इधर, पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है। एक वीडियो भी सामने आया जिसमें घटना के बाद लोगों ने आरोपी की पिटाई की। गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि दिनेश (22) पुत्र लक्ष्मीलाल नाई उदयपुर से बस में सवार होकर गोगुंदा आ रहा था। इसी दौरान शाहनवाज (20) पुत्र फिरोज शाह उदयपुर के फतहपुरा से उसी बस में आकर उसके पास बैठ गया। यात्रा के दौरान शाहनवाज ने दिनेश से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे धमकी दी। शुक्रवार शाम करीब 7:15 बजे दोनों गोगुंदा बस स्टैंड पर उतरे। इसके बाद करीब 7:30 बजे बैंक के सामने पहुंचते ही शाहनवाज ने दिनेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए चेतन (20) पुत्र किशनलाल नायक पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत गोगुंदा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर के लिए रेफर कर दिया। इस दौरान वहां जमा हुए लोगों ने आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने समझाइश कराई। इस मामले में एक आरोपी को डिटेन किया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए, जिस पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और आक्रोश जता रहे लोगों को समझाइश करते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। इधर, थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को डिटेन कर लिया है। मामले में संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, वहीं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। इनपुट : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा


