लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी में दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला को आरोपियों ने लोहे की रॉड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने तमंचा लहराकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। कैलाशपुरी आलमबाग निवासी रोहिणी तिवारी के पति की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बेटा कृष तिवारी सोमवार रात करीब 9 बजे घर से बाहर सामान लेने जा रहा था। इस दौरान मोहल्ले के ही दिग्विजय सिंह अपने साथी आबू और भाई रणविजय के साथ वहां पहुंचा और कृष पर हमला कर दिया। तीनों ने युवक को पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। बीच बचाव करने पर महिला को पीटा बेटे की चीख-पुकार सुनकर रोहिणी तिवारी, उनकी बेटी और भाभी सुष्मिता द्विवेदी मौके पर पहुंचीं। दिग्विजय सिंह ने अपने हाथ में ली लोहे की रॉड से सुष्मिता के सिर पर वार किया। जिससे सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। इसके बाद कंधे और हाथ पर भी रॉड से हमला किया गया। हमलावरों ने सुष्मिता को जमीन पर पटक दिया और बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा। किसी तरह परिजन बेटे और भाभी को बचाकर घर ले आए लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुके। वे घर के अंदर घुस आए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। तमंचा लहराकर धमकाया पीड़िता का कहना है कि हमलावरों के हाथ में लोहे की रॉड थी जबकि उनके साथ मौजूद अन्य लोगों के हाथ में तमंचा था। जिसे लहराते हुए कहा अगर परिवार का कोई भी सदस्य बाहर दिखा तो उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा। घटना के बाद से आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं। मामले में इंस्पेक्टर आलमबाग सुभाष चंद्र का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है।


