सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली इलाके के कस्बे में मृत हुए गोवंशों को खुले में फेंके जाने का मामला सामने आने के बाद गुरुवार देर शाम माहौल गरमा गया। पांडेय नगर बाजार स्थित सुखतला तालाब के पास एक दर्जन से अधिक मृत गोवंश मिलने पर स्थानीय लोगों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि मृत गोवंशों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं में शोभित तिवारी, अंगद तिवारी, अंकुर सिंह और सुभांशु समेत स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा मृत हुए पशुओं का उचित निस्तारण नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि शवों को बाजार के पास खुले में फेंक दिया जाता है, जिससे क्षेत्र में गंदगी और बदबू फैल रही है और लोगों का जीना दूभर हो गया है। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहले ही पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे रहे। बाद में नायब तहसीलदार अजय कुमार और ईओ विंध्याचल भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। प्रशासन की ओर से मृत गोवंशों को दफनाने के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बिना कार्रवाई के दफनाने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि पहले दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, उसके बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन लोगों को समझाने में जुटे हैं, लेकिन क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


