आगरा-ग्वालियर रोड स्थित ककुआ में एक नर्सरी में 509 वर्कशॉप के एक कर्मचारी का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। मृतक की पहचान थाना ताजगंज क्षेत्र के चमरौली निवासी 39 वर्षीय सत्येंद्र कुमार पुत्र नानक चंद के रूप में हुई है। नर्सरी के मालिक खेमचंद ने बताया कि सत्येंद्र उनके साथ 509 वर्कशॉप में इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के पद पर कार्यरत थे। सत्येंद्र अक्सर उनकी नर्सरी पर आते और रुक भी जाते थे। खेमचंद के अनुसार, सत्येंद्र शनिवार शाम को भी नर्सरी पर आए थे और वहीं रुक गए। रविवार सुबह जब खेमचंद ने नर्सरी का ताला खोला, तो उन्होंने सत्येंद्र का शव पेड़ से लटका हुआ देखा। इसके बाद खेमचंद ने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आगरा भेज दिया। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।


