महोबा जनपद के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे एक पेड़ से अज्ञात युवक का शव लटका मिला। राहगीरों ने सुबह शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। यह घटना हरपालपुर-झांसी रोड पर बैदों मोड़ के पास हुई। सूचना मिलते ही पनवाड़ी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेंद्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पेड़ से उतारा गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के सामने मृतक की शिनाख्त करना एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि शव के पास से कोई पहचान संबंधी वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी कि यह आत्महत्या है या कोई अन्य कारण। पनवाड़ी पुलिस सभी तकनीकी और जमीनी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और यदि मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।


