गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र में एक किराए के कमरे में 18 वर्षीय छात्रा की फंदे से लटकी लाश मिली। यह घटना लाटू केमते गांव की है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। आशंका जाहिर की जा रही है कि छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मृतका की पहचान स्वर्गीय रंजीत सिंह की पुत्री आयशा कुमारी के रूप में हुई है। आयशा ने पतराटोली स्थित अपने किराए के मकान में पंखे के हुक से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फांसी लगाई। 11वीं कक्षा की छात्रा थी आयशा पीएम श्री टेन प्लस टू उच्च विद्यालय में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। वह अपनी दो सहेलियों के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करती थी। मंगलवार को जब उसकी दोनों सहेलियां स्कूल जा रही थीं, तो आयशा ने उन्हें बताया कि वह गुमला पार्क जा रही है और स्कूल नहीं गई। वह कमरे में अकेली रुक गई। सहेलियों ने पड़ोसियों को दी सूचना शाम को जब दोनों सहेलियां स्कूल से लौटीं, तो उन्होंने आयशा को कमरे में रस्सी के फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसआई गनौरी प्रसाद मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। शव को सदर अस्पताल गुमला भेजा गया, जहां बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के परिजन जयकरण सिंह ने आत्महत्या की पुष्टि की है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है।


