पीलीभीत के थाना हजारा क्षेत्र में एक 26 वर्षीय युवक का शव गांव से आधा किलोमीटर दूर एक पेड़ से लटका हुआ मिला है। युवक मंगलवार शाम से लापता था, जिसकी गुमशुदगी बुधवार सुबह थाने में दर्ज कराई गई थी। बाजारघाट निवासी सुरेंद्र सिंह उर्फ बंटी (26) पुत्र बलजिंदर सिंह, मंगलवार शाम को अपने घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बुधवार सुबह उसके पिता ने हजारा थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन युवक की तलाश कर ही रहे थे कि बुधवार शाम करीब सात बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर उसका शव लटकते देखा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शरद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, जिसमें आत्महत्या और हत्या दोनों की संभावनाएं शामिल हैं। थाना प्रभारी शरद कुमार ने बताया- शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और परिजनों से पूछताछ जारी है। हजारा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों में यह तीसरी बड़ी घटना है। इन घटनाओं ने स्थानीय ग्रामीणों में चिंता बढ़ा दी है।


