ललितपुर में गुरुवार दोपहर से लापता एक किशोरी का शव देर शाम कुएं में मिला। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना मड़ावरा थाना क्षेत्र के ग्राम सतवांसा की है। रमा (17) पुत्री अनरथ सिंह गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अपने घर से निकली थी। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर शाम रमा का शव उसके खेत में स्थित कुएं में उतराता हुआ मिला। मृतका के भाई सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन ने कुछ युवकों की धमकी से परेशान होकर आत्महत्या की है। सत्येन्द्र प्रताप सिंह के अनुसार, 8 अप्रैल को उनके घर के पास छह युवकों का विवाद हुआ था। इन युवकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे रमा काफी डर गई थी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है।


