हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में एक अधेड़ का शव नाले से बरामद हुआ है। मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका है कि यह कई दिनों से पानी में था। यह घटना मौदहा क्षेत्र के कमहारिया गांव की है। गांव के पास एक पुलिया के नीचे बहने वाले नाले का पानी कम होने पर स्थानीय लोगों ने शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकालकर उसकी शिनाख्त की।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय दिलदार के रूप में हुई है, जो कमहारिया गांव के ही निवासी थे और मजदूरी करते थे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जलाल अहमद ने बताया कि दिलदार तीन दिन पहले घर से लापता हुए थे। उनके दो बेटे और एक बेटी थे, जिनमें से एक का निधन हो चुका है और दूसरा ड्राइवर है। जबकि बेटा और बेटी दोनों की ही शादी हो चुकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दिलदार नशे के आदी थे। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में नाले में गिरने से उनकी मौत हुई होगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।


