इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की अंकल गली स्थित एक मकान से 25 वर्षीय लापता युवती का शव पुलिस ने बरामद किया है। सूचना मिलते एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। युवती का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला है, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। जिस कमरे से शव मिला वह उसके क्लासमेट मंदसौर निवासी पियूष धनोतिया का किराए का कमरा बताया जा रहा है। दोनों सावेर रोड स्थित एक संस्थान से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। 10 फरवरी से लापता थी युवती जानकारी के अनुसार युवती 10 फरवरी से लापता थी। उस दिन वह आधार कार्ड ठीक करवाने की बात कहकर पिता के साथ घर से निकली थी। पिता ने उसे कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास छोड़ा था। वहां से उसने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया कि वह अपने क्लासमेट पियूष के साथ बर्थडे पार्टी में जा रही है और रात 11 बजे तक लौट आएगी। बहन ने कहा कि वह यह बात खुद पिता को बता दे। इसके बाद युवती घर नहीं लौटी और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। कॉलेज के व्हाट्सऐप ग्रुप पर भेजे आपत्तिजनक वीडियो बताया जा रहा है कि उसी रात कॉलेज के व्हाट्सऐप ग्रुप में युवती का एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें युवक का चेहरा इमोजी से ढंका हुआ था, जबकि युवती का चेहरा साफ दिख रहा था। कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो हटाकर अगले दिन 11 फरवरी को युवती के पिता को बुलाया और बताया कि दोनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। इसके बाद परिजन राउजी बाजार थाने पहुंचे, जहां से उन्हें पंढरीनाथ थाने भेजा गया और देर रात गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज हुई। दिनभर तलाश, पर कार्रवाई नहीं; बदबू की शिकायत पर खुला राज 12 फरवरी को पूरे दिन युवती की तलाश चलती रही, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई और टालमटोल करती रही। परिवार की आशंका के आधार पर एक पुलिसकर्मी युवती के क्लासमेट पीयूष के कमरे तक पहुंचा भी, लेकिन केवल बाहर से ताला लगाकर मकान मालिक को किसी के आने पर सूचना देने की बात कहकर लौट गया, आगे कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को अंकल गली स्थित उसी कमरे से बदबू आने की शिकायत मिलने पर द्वारकापुरी पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा बंद मिलने पर ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां युवती का शव बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक ने युवती के मोबाइल से उसके साथ के आपत्तिजनक वीडियो स्टेटस पर लगाने के साथ-साथ फोन में सेव नंबरों पर भी भेजे थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और युवक की तलाश जारी है।


