अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के लहुर सरैया सराय खरगी गांव में एक 18 वर्षीय युवती का शव उसके घर के अंदर छत के पंखे के हुक से साड़ी के सहारे लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गांव निवासी गुरु प्रसाद की पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। घटना के समय युवती घर में अकेली थी, जबकि उसके परिजन खेतों में काम करने गए हुए थे। परिजनों के घर लौटने पर उन्होंने गलियारे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने घर के बयाले (खिड़की) से झांककर देखा तो ज्योति का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उमेश पाठक (गुड्डू) ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना के अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, ज्योति एक भाई और एक बहन में दूसरे नंबर पर थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।


