गोरखपुर में पोखरे में मिला बुजुर्ग का शव:एक दिन पहले से था लापता, जांच जारी

गोरखपुर में पोखरे में मिला बुजुर्ग का शव:एक दिन पहले से था लापता, जांच जारी

गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल माघी गांव निवासी एक बुजुर्ग का शव सोमवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पोखरे में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव भगतपुरवा में बन रहे होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर के पास स्थित पोखरे में उतराता हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल फैल गया। मृतक की पहचान जंगल माघी गांव निवासी 73 वर्षीय रमाशंकर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रमाशंकर रविवार शाम रोज की तरह घर से टहलने के लिए निकले थे। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण पोखरे की ओर गए तो उन्होंने पोखरे के बाहर एक डंडा और चप्पल पड़ा हुआ देखा। डंडा और चप्पल देखकर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। जब पोखरे में झांककर देखा गया तो रमाशंकर का शव पानी में उतराता हुआ मिला। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर गुलरिहा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पोखरे से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी गृह भेज दिया है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक जांच-पड़ताल भी की। इस संबंध में गुलरिहा के प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बुजुर्ग की मौत से परिवार में गहरा दुख है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *