बांसवाड़ा में सोमवार शाम से लापता एक युवक का शव मंगलवार रात को घर के पीछे ही नाले में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, सुखेड़ा पाली बड़ी गांव का रहने वाला नरेश (35) पुत्र गालिया सोमवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब उसकी तलाश के दौरान कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार रात परिजनों की नजर घर के पीछे नाले में शव दिखाई दिया। सूचना मिलने के तुरंत बाद कुशलगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला गया। कॉन्स्टेबल विनोद पाटीदार के अनुसार शव को मंगलवार रात करीब 12:30 बजे महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में शिफ्ट किया गया। मृतक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में साक्ष्यों और संभावित गवाहों की जानकारी जुटाई जा रही है।


