बुलंदशहर में मंदिर के पास मिला युवक का शव:दो दिन पहले नशे में घूमता देखा गया था, पुलिस जांच में जुटी

बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित जैनपुर गांव में रविवार सुबह एक मंदिर के पास अज्ञात युवक का शव मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 32 वर्षीय युवक शुक्रवार सुबह से ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शराब के नशे में घूमता देखा गया था। बाद में वह मंदिर के समीप अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर उसकी मृत्यु हो चुकी थी। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। कोतवाली देहात प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक, युवक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला अत्यधिक नशे या किसी बीमारी से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक रामफल सिंह ने बताया कि शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा गया है। यदि इस अवधि में उसकी पहचान नहीं हो पाती है, तो पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *