मथुरा के कस्बा शेरगढ़ में थाना क्षेत्र के समीप एक 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही शेरगढ़ थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव की पहचान के लिए उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की। इसके बाद मृतक की पहचान गांव काचरौट निवासी 35 वर्षीय कुशलपाल उर्फ कृष्णा कुमार पुत्र मानसिंह के रूप में हुई। शिनाख्त होने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की पुष्टि की। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के पिता मानसिंह ने जानकारी दी है कि कुशलपाल ईंट भट्टे पर काम करता था। वह शुक्रवार रात से घर नहीं लौटा था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें शेरगढ़ क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने फोटो देखकर कुशलपाल के रूप में उसकी पहचान की।
घटना की सूचना क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा को भी दी गई। मामले की जांच के लिए मथुरा से फोरेंसिक टीम बुलाई गई, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।


