भीलवाड़ा शहर में गुरुवार रात को कलेक्टर कार्यालय के पीछे रेलवे बाउंड्री के पास झाड़ियों में एक महिला की सड़ी-गली हालत में लाश मिली। राहगीरों की नजर जब झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मंगलवार देर रात कुछ लोग रेलवे बाउंड्री के पास से गुजर रहे थे, तभी झाड़ियों में उन्हें एक महिला का शव दिखाई दिया। शव की हालत बेहद खराब थी और बदबू भी फैल रही थी। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस और रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची। करीब एक माह पुरानी बताई जा रही लाश पुलिस के अनुसार महिला की लाश काफी सड़-गल चुकी थी और शरीर लगभग कंकाल में तब्दील हो चुका था। प्रारंभिक जांच में शव करीब एक माह पुराना बताया जा रहा है। घटना स्थल जीआरपी थाना क्षेत्र में आने से शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मौत की वजह पर सस्पेंस बरकरार फिलहाल महिला की मौत को लेकर स्थिति साफ नहीं हो पाई है।यह मामला हादसा, आत्महत्या या हत्या—इनमें से क्या है, इस पर पुलिस कुछ भी स्पष्ट नहीं कह पा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। शव पर गुलाबी साड़ी, पहचान के प्रयास तेज मृतक महिला के शरीर पर गुलाबी रंग की साड़ी पाई गई है। पुलिस इसी आधार पर महिला की पहचान के प्रयास कर रही है। आसपास के थानों में गुमशुदा महिलाओं की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। रेलवे स्टेशन से महज 300 मीटर दूर, फिर भी किसी को नहीं लगी भनक हैरानी की बात यह है कि शव रेलवे स्टेशन से महज 300 से 400 मीटर की दूरी पर रेलवे पटरियों के पास मिला, इसके बावजूद इतने लंबे समय तक किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आखिर इतनी भीड़भाड़ वाले इलाके में शव इतने दिनों तक कैसे पड़ा रहा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।


