अयोध्या जिले के हैरिग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के बसवार कला गांव में एक 14 वर्षीय किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था, जिसकी रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार, बसवार कला गांव निवासी नैंसी (14 वर्ष) पुत्री मढ़ई का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता पाया गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। नैंसी की मां उषा ने पुलिस को बताया कि वह अलाव ताप रही थीं और नैंसी भी उनके पास ही थी। उन्होंने बेटी से खेत में काम करने चलने को कहा, लेकिन नैंसी ने मना कर दिया। इसके बाद उषा देवी अकेली खेत चली गईं। जब वह वापस लौटीं तो घर का दरवाजा खुला था। आंगन से आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में देखने पर नैंसी पंखे से लटकी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी थी। चौकी प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने पुष्टि की कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि किशोरी के परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।


