रोहतक के अजायब रोड पर सोमवार सुबह झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। युवक की पहचान गांव सिंहपुरा निवासी विकास पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई, जो 21 फरवरी से लापता था। परिजनों ने विकास की हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और FSL एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया को भी बुलाया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेजा जाएगा। मृतक के पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि विकास बीए फाइनल ईयर का छात्र था। वह 21 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे अपने दोस्त दीपक पुत्र राजू निवासी सिंहपुरा के साथ मदीना गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था। रास्ते में विकास को उसका मामा दलबीर पुत्र जयलाल, जो भिवानी चुंगी न्यू राजेंद्र कॉलोनी निवासी है, गद्दी खेड़ी मोड़ पर मिला था। विकास ने मामा को भी मदीना जाने की बात कही थी। सुरेंद्र सिंह के अनुसार, उसी रात करीब 11 बजे विकास की गाड़ी गांव भराण में मिली थी, लेकिन विकास का कोई सुराग नहीं लगा। काफी तलाश के बाद भी जब विकास का पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर विकास की तलाश शुरू की थी। बहुअकबरपुर थाना एसएचओ महेश कुमार ने बताया कि पुलिस को शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान हो गई है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


