ललितपुर शहर के बीच से निकली शहजाद नदी के निर्माणाधीन पुल के पास सोमवार शाम एक मजदूर का शव पानी में उतरा हुआ मिला। यह मजदूर पांच दिन से लापता था। मृतक के भतीजे ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला नदीपुरा स्थित शहजाद नदी के निर्माणाधीन पुल के पास सोमवार शाम कुछ लोगों ने पानी में एक अज्ञात शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे मोहल्ला राव याना निवासी अभय सिंह ने शव की शिनाख्त अपने 42 वर्षीय चाचा पप्पू पुत्र जगन्नाथ के रूप में की, जो 11 फरवरी से लापता थे। मृतक के भतीजे अभय सिंह ने बताया कि उनके चाचा पप्पू मजदूरी करते थे और 11 फरवरी की सुबह करीब 9:30 बजे घर से काम के लिए निकले थे। शाम को जब वह वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इस संबंध में 13 फरवरी को कोतवाली सदर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अभय सिंह ने अपने चाचा की हत्या की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक पप्पू अविवाहित थे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


