करनाल जिले में जीटी रोड पर गांव बुटाना के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने सड़क किनारे शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी में भेजा गया है। शेरपुर वीरान गांव का था मृतक मृतक की पहचान गांव शेरपुर वीरान निवासी 37 वर्षीय अमरनाथ के रूप में हुई है। अमरनाथ दिहाड़ी मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार, सोमवार को वह रोज की तरह घर से मजदूरी के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। बाद में सूचना मिली कि उसका शव जीटी रोड पर गांव बुटाना के पास पड़ा मिला है। सरपंच ने बताया—शरीर पर नहीं थे चोट के निशान गांव शेरपुर वीरान के सरपंच निर्मल सिंह ने बताया कि उन्हें एक कॉल आई थी कि अमरनाथ जीटी रोड पर मृत हालत में पड़ा है। जब वे मौके पर पहुंचे और पुलिस ने जांच की तो शरीर पर किसी तरह के चोट या मारपीट के निशान नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि अमरनाथ की मौत किन परिस्थितियों में हुई। अब सभी को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की वजह सामने आ सके। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ अमरनाथ अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः दस और तेरह वर्ष है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और घर में मातम का माहौल है। पुलिस ने कहा—पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत प्राकृतिक थी या किसी अन्य कारण से हुई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


