फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ईंट भट्ठे पर 60 वर्षीय मुनीम रघुवीर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस के अनुसार, रघुवीर की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है। उनका शव ईंट भट्ठे पर चूल्हे के पास मिला, जिसमें उनका पैर जला और दूसरा पर झुलसा हुआ था हुए सूचना मिलने पर कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रघुवीर बीपी ईंट भट्ठे पर मुनीमी का काम करते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाम को उन्हें सीने में दर्द हुआ था। दर्द होने पर उन्होंने चौकीदार से चाय मंगवाकर पी। इसके बाद वे चूल्हे के पास आग तापने लगे। सीने में दर्द बढ़ने पर वे गिर गए, जिससे उनका एक पैर चूल्हे में चला गया और जल गया। दूसरा पैर भी झुलसा हुआ पाया गया है। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि यह मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की जांच की जा रही है। रघुवीर कुइया खेड़ा, थाना शमशाबाद के निवासी थे।


