सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के मोटवा गांव से लगे जंगल में गुरुवार दोपहर एक अज्ञात अधेड़ का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि शव लगभग 3 से 4 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने मोटवा गांव से सटे घने जंगल में महुआ के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव लटका देखा। सूचना मिलने पर मझगवां थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पेड़ से नीचे उतारा। कपड़ों की तलाशी लेने पर मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सतना से फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल, पुलिस आसपास के गांवों में मृतक के बारे में पूछताछ कर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।


