भदोही में ऊंज थाना क्षेत्र के चौराकला बिछिया स्थित विश्वनाथपुर मार्ग पर बुधवार सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने छोटी नहर की पुलिया पर एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को खबर दी गई। मृतक की पहचान जीतनारायण (55) के रूप में हुई है। वह मिर्जापुर जिले के मेवड़ी गांव, जिला पंचायत कार्यालय के पास के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब आठ वर्षों से बिछिया स्थित निजी ईंट भट्ठा “प्रताप” पर मजदूरी करते थे। ग्रामीणों के अनुसार उनका शव नहर की पुलिया पर पड़ा मिला और सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे हत्या या दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एडिशनल एसपी शुभम अग्रवाल और क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रभात राय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मृतक के परिवार में पत्नी मुन्नी देवी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे रंजीत कुमार (25) गांव पर ही रहते हैं। दूसरे बेटे संदीप (17) और बेटी तीजा (20) हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।


