नहर किनारे युवती का संदिग्ध हालात में मिला शव:सीतापुर में हत्या कर फेंके जाने की आशंका, परिजनों से पूछताछ

नहर किनारे युवती का संदिग्ध हालात में मिला शव:सीतापुर में हत्या कर फेंके जाने की आशंका, परिजनों से पूछताछ

सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र के ग्राम लवली के पास नहर पटरी किनारे बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों ने शव को नहर के पास पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवती की पहचान मछरेहटा थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय मोनिका के रूप में की। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने युवती की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। हालांकि, एएसपी दुर्गेश सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस युवती की दिनचर्या, संपर्कों और हाल के घटनाक्रमों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं, जिससे मामले की तह तक पहुंचा जा सके। एएसपी दुर्गेश सिंह का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *