दमोह में खेत में मिला किसान का शव:फसल की रखवाली करने घर से निकला था, ठंड से मौत की आशंका

दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घाट बम्होरी में शुक्रवार दोपहर एक किसान का शव खेत में मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर तत्काल बनवार चौकी को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान 42 वर्षीय मकुंदी गौड़ निवासी मोहली के रूप में हुई है। वह गुरुवार रात अपने खेत पर जाने के लिए घर से निकले थे और रातभर वापस नहीं लौटे। ग्रामीणों ने बताया कि मकुंदी अक्सर देर रात अपने खेतों की रखवाली करने जाते थे। बनवार चौकी प्रभारी मनीष यादव के अनुसार, मोहली गांव और घटनास्थल घाट बम्होरी के बीच करीब 3 किलोमीटर की दूरी है। पुलिस को आशंका है कि रात में पैदल खेतों की ओर आते-जाते समय उन्हें हृदयगति रुकने या अत्यधिक ठंड लगने से उनकी मौत हुई होगी। शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पास में टॉर्च भी पड़ी मिली। प्रथम दृष्टया मामला हृदयगति रुकने या ठंड से मौत का लग रहा है। परिजनों ने बताया कि मकुंदी खेत देखने गए थे, लेकिन वापस नहीं आए। बाद में उन्हें सूचना मिली कि उनका शव खेत में पड़ा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जबेरा अस्पताल भेज दिया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *