बस्ती जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पांचपेड़िया इलाके में रविवार को दो बच्चों के शव नाले में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि बच्चों की मौत करंट लगने से हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर एक घर के पीछे बह रहे नाले की ओर कुछ लोगों की नजर गई। उन्होंने देखा कि पानी में दो बच्चों के शव पड़े हुए हैं। यह देख आसपास के लोग स्तब्ध रह गए और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक बच्चे कूड़ा बीनने का काम करते प्रतीत हो रहे हैं। आशंका है कि नाले के आसपास फैले कचरे के बीच बिजली के तार या करंट प्रवाहित होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि दोनों शवों को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बच्चों की शिनाख्त काशीराम आवास की करिश्मा और काजल के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।


