PSL David Warner vs Moeen Ali: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) इस साल शुरू से ही विवादों का केंद्र रही है। कभी बॉल टेंपरिंग की खबरें आती हैं, तो कभी सुरक्षा में बड़ी चूक देखने को मिलती है। हद तो तब हो गई जब कभी सफेद गेंद का रंग पिंक हो गया, तो कभी मैच के बीच में ही मैदान की लाइट्स गुल हो गईं। लेकिन अब एक नया विवाद सामने आया है, डेविड वॉर्नर और मोइन अली के बीच हुई कथित झड़प का। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कराची किंग्स के कप्तान डेविड वॉर्नर और इंग्लैंड के दिग्गज मोइन अली के बीच तीखी कहासुनी होती दिख रही है। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है मानो दोनों के बीच कोई गंभीर झगड़ा हो गया हो। अब इस वायरल वीडियो के पीछे छिपे सच पर खुद डेविड वॉर्नर ने चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि उस रात असल में ‘विलेन’ कौन था और गलती किसकी थी।
क्या था वायरल वीडियो में मामला?
यह घटना कराची किंग्स और रावलपिंडी के बीच हुए मैच की है। वीडियो में दिख रहा था कि डेविड वॉर्नर काफी जोश में मोइन अली को कुछ कह रहे हैं और आगे जाने का इशारा कर रहे हैं। फैंस को लगा कि टीम के अंदर सब कुछ ठीक नहीं है और दोनों दिग्गजों के बीच दरार आ गई है।
वॉर्नर ने सोशल मीडिया पर दी सफाई
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस वीडियो को लेकर मचे शोर के बाद वॉर्नर ने खुद रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘मैने तो बस टीम डायरेक्टर हैदर अजहर से कहा था कि पहले जाओ और (विरोधी टीम से) हाथ मिलाओ।’ सिर्फ वॉर्नर ही नहीं, कराची किंग्स के टीम डायरेक्टर हैदर अजहर ने भी इस पर मजे लेते हुए लिखा कि टीम में कोई झगड़ा नहीं है, बल्कि ‘वे दोनों मिलकर मेरा मजाक उड़ा रहे थे।’ यानी जिसे दुनिया झगड़ा समझ रही थी, वो असल में टीम के बीच की मस्ती थी।
मैच में वॉर्नर का तूफान
विवादों से हटकर बात करें तो कराची किंग्स ने इस मैच में रावलपिंडी को 5 विकेट से धूल चटा दी। 198 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए कराची ने 4 गेंद शेष रहते ही जीत हासिल कर ली। वॉर्नर ने कप्तानी पारी खेलते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा और जीत की नींव रखी। मैच का असली रुख आजम खान ने बदला। उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों पर 74 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 छक्के और 6 चौके शामिल थे। उनकी इस बल्लेबाजी ने रावलपिंडी के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया और कराची को एक आसान जीत दिला दी।



,