जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में एक महिला के साथ पुलिस द्वारा की गई मारपीट का मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है। जहां एक तरफ विभाग ने इस मामले में संलिप्त 3 पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है, वहीं अब इस परिवार की बहू प्रिया मीडिया के सामने आई है। प्रिया ने अपनी सास और पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस पूरी घटना के पीछे की कहानी बयां की है। प्रिया का दावा है कि विवाद उसकी सास की बदसलूकी और पति द्वारा की गई मारपीट से शुरू हुआ था, जिसके बाद उसने अपनी जान और बच्ची को बचाने के लिए पुलिस से मदद मांगी थी। प्रिया ने बताया कि उनकी लव मैरिज करीब 5 साल पहले हुई थी, लेकिन पिछले कुछ समय से सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। विवाद की शुरुआत 5 मार्च को हुई, जब प्रिया के पिता की सालगिरह थी। प्रिया अपने पति रोहित के साथ 2 से 4 दिन के लिए मायके रहना चाहती थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर रोहित ने उसके साथ मारपीट की और उसे व उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। प्रिया का कहना है कि वह जब भी अपने पिता के घर जाने की बात करती थी, पति झगड़ा शुरू कर देता था। मायके में घुसकर की गाली-गलौज प्रिया के अनुसार, 6 मार्च को रोहित उसके मायके पहुंचा और वहां उसे जबरदस्ती वापस ले जाने की कोशिश करने लगा। जब प्रिया ने मना किया, तो रोहित ने सरेआम गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए और बीच-बचाव किया। इस घटना के बाद प्रिया पिछले दो सप्ताह से अपने मायके में ही रह रही है। प्रिया ने बताया कि मोहल्ले के प्रधान ने भी इस मामले को सुलझाने का आश्वासन दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग लगातार दबाव बना रहे थे।
बच्ची को जबरन छीन कर ले गए यह मामला तब और बिगड़ गया जब पति, देवर और ससुर ने मिलकर प्रिया के मायके पर हमला किया और उसकी छोटी बच्ची को जबरन छीन कर ले गए। प्रिया का आरोप है कि बच्ची को ले जाने के बाद उसे फोन पर बात तक नहीं करने दी गई। इतना ही नहीं, उसे धमकी दी गई कि वे बच्ची को मार देंगे। अपनी संतान की सुरक्षा को लेकर डरी हुई प्रिया ने एएसआई प्रवीण से मदद की गुहार लगाई और बच्ची को वापस दिलाने की अपील की। पुलिस की कार्रवाई पर प्रिया ने कहा कि उसकी सास ने ही पहले पुलिस अधिकारियों के साथ बदसलूकी और हाथापाई की थी। प्रिया का दावा है कि उसकी सास अक्सर पुलिसकर्मियों के साथ विवाद करती रहती है। उसने एएसआई द्वारा की गई कार्रवाई को एक तरह से जायज ठहराते हुए कहा कि पुलिस केवल उसे और उसकी बच्ची को सुरक्षा देने की कोशिश कर रही थी। प्रिया ने सास द्वारा लगाए गए ‘किसी और से संबंध’ के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उसके पास तो बात करने के लिए अपना फोन तक नहीं है।
पुलिस मामले की जांच कर रही प्रिया ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी बच्ची उसे वापस दिलाई जाए। उसने बताया कि ससुर पहले भी उनके घर पर हमला कर चुके हैं, जिससे अब उसे और उसके परिवार को जान का खतरा महसूस हो रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।


