कौशांबी में ससुर की हत्या के आरोप में फरार चल रही बहू रुखमिन देवी को सैनी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मृतक के पोते नितिन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। यह घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर धमांवा में 7 मार्च को हुई थी। पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय बाबूलाल सरोज की उनके पोते नितिन ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी थी। बाबूलाल सरोज खेत में चरी काट रहे थे। घटना के बाद मृतक की पत्नी गुलजारा देवी की तहरीर पर सैनी कोतवाली पुलिस ने पोते नितिन और बहू रुखमिन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जमीन बेचकर पैसे देने की मांग गुलजारा देवी ने आरोप लगाया था कि पोता नितिन जमीन बेचकर पैसे देने की मांग कर रहा था। पति के इनकार करने पर उसने हत्या कर दी। गुलजारा देवी ने यह भी बताया कि नितिन पहले भी उन पर हमला कर चुका था और बहू रुखमिन देवी की भी इस मामले में अहम भूमिका थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कौशांबी राजेश कुमार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर दो टीमें गठित की थीं। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि गठित टीम ने आरोपी नितिन को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की गई थी। नितिन को विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया था। ससुर की हत्या के बाद से फरार चल रही बहू रुखमिन देवी को सैनी कोतवाली पुलिस ने गुरुवार देर शाम उसके घर के पास से गिरफ्तार किया। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उसे भी जेल भेज दिया गया है।


