उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री और ललितपुर जिले के प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी आज शनिवार, 24 जनवरी को ललितपुर दौरे पर रहेंगे। वह उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। सूचना विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी सुबह 10:30 बजे लोक निर्माण रेस्ट हाउस पहुंचेंगे। इसके बाद, सुबह 11 बजे वह कल्याण सिंह सभागार, रामनगर में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे। दोपहर 2:30 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक संपन्न होने के बाद, मंत्री शाम चार बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।


