जांजगीर-चांपा में छात्रों का बोनट पर खतरनाक स्टंट, वीडियो:फेयरवेल पार्टी में कार के बोनट पर स्टूडेंट्स की एंट्री, सूरजपुर में हूटर बजाते हुए पहुंचे

जांजगीर-चांपा में छात्रों का बोनट पर खतरनाक स्टंट, वीडियो:फेयरवेल पार्टी में कार के बोनट पर स्टूडेंट्स की एंट्री, सूरजपुर में हूटर बजाते हुए पहुंचे

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी के बाद भी कार पर स्टंटबाजी नहीं थम रही है। सोशल मीडिया पर कार की बोनट और विंडो पर बैठकर स्टूडेंट्स के स्टंट के दो नए वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहला मामला जांजगीर-चांपा जिले के जीएलडी स्कूल का है, जहां फेयरवेल पार्टी में कुछ स्टूडेंट्स पूरे टशन से कार के बोनट पर बैठकर स्कूल में एंट्री कर रहे हैं। जबकि दूसरा मामला सूरजपुर जिले के विश्रामपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल का है। यहां छात्र नेशनल हाईवे पर फोर व्हीलर के विंडो से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। पांच कारों में सवार छात्र वाहन से लटककर हूटर बजाते हुए हाईवे से गुजरे। इन दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। मामले की जानकारी मिलते ही सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच वाहनों को जब्त कर लिया है। जबकि जांजगीर में पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटे हैं। पहले देखिए ये तस्वीरें- पहला केस – सूरजपुर में फेयरवेल पार्टी हूटर बजाते पहुंचे स्टूडेंट्स सूरजपुर जिले में फेयरवेल पार्टी के दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने नेशनल हाईवे पर खतरनाक स्टंट किए। छात्र पांच चारपहिया गाड़ियों में सवार होकर हाईवे से गुजरे और गाड़ियों से बाहर लटकते हुए हूटर बजाते नजर आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांचों गाड़ियों को जब्त कर लिया। यह मामला विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को डीएवी पब्लिक स्कूल विश्रामपुर में फेयरवेल कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए छात्र पांच गाड़ियों में बैठकर नेशनल हाईवे पर रैली निकालते हुए पहुंचे। इस दौरान वे गाड़ियों से बाहर खड़े होकर और लटककर स्टंट करते रहे। छात्रों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद विश्रामपुर पुलिस स्कूल पहुंची और जांच की। स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो, क्रेटा, डस्टर और किया सेल्टॉस सहित पांच गाड़ियां स्कूल के बाहर खड़ी मिलीं, लेकिन गाड़ियां चलाने वाले छात्र मौके पर नहीं थे। पुलिस ने बताया कि ये गाड़ियां छात्रों के परिजनों की थीं और इन्हें स्कूल के छात्र ही चला रहे थे। सभी गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है। इस मामले में जांच अधिकारी विश्रामपुर थाने के एसआई विष्णुदेव पैकरा ने बताया कि वाहन चालकों के नहीं मिलने पर सभी वाहन मालिकों को थाने बुलाया गया है। सभी गाड़ियों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। दूसरा केस – जांजगीर-चांपा में फेयरवेल पार्टी में कार के बोनट पर स्टूडेंट्स की एंट्री जांजगीर-चांपा जिले के खैरताल स्थित जीएलडी स्कूल में फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ छात्र-छात्राएं कार की खिड़कियों से बाहर लटक रहे हैं, वहीं कुछ स्कॉर्पियो गाड़ी के बोनट पर बैठकर शान से स्टंट करते नजर आ रहे हैं। यह घटना 4 फरवरी को स्कूल में आयोजित फेयरवेल कार्यक्रम के समय की बताई जा रही है। जैसे ही यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, नवागढ़ पुलिस हरकत में आ गई। वीडियो के आधार पर गाड़ियों के नंबर निकाले गए और वाहन चालकों की पहचान की गई। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ की कार्रवाई पुलिस ने वाहन चालकों को पकड़कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। हर वाहन चालक पर 2800 रुपए का चालान काटा गया। साथ ही पुलिस ने सभी को समझाइश दी कि इस तरह की लापरवाही न सिर्फ उनकी जान के लिए खतरनाक है, बल्कि दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल सकती है। पुलिस ने साफ कहा है कि भविष्य में अगर इस तरह की स्टंटबाजी या नियम तोड़ते हुए वाहन चलाते पाए गए, तो और सख्त कार्रवाई की जाएगी। हाईकोर्ट की चेतावनी फिर भी नहीं थम रहा है स्टंटबाजी बता दें कि युवाओं में रील्स बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल होने का क्रेज बढ़ता जा रहा है। रील्स बनाने के चक्कर में युवा जान जोखिम में डालकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इससे पहले रतनपुर रोड पर नेशनल हाईवे रोककर तलवार से केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेट करने का वीडियो सामने आया था। मस्तूरी रोड पर गाड़ियों के काफिले में दरवाजे से बाहर निकलकर रील्स बनाने और पुराना रिवरव्यू में बाइक से स्टंट करने वाले वीडियो वायरल हो चुके हैं। इन घटनाओं पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई थी। स्टंटबाज युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यह मामला अब भी हाईकोर्ट में लंबित है और निगरानी में रखा गया है। ……………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें सड़कों पर स्टंटबाजी, बर्थ-डे सेलिब्रेशन पर हाईकोर्ट सख्त:कहा- पुलिस दिखावे की कार्रवाई न करे, बॉन्ड भी भरवाए, पढ़िए बंदूक-तलवार-कटार से केक काटने का ट्रेंड छत्तीसगढ़ में तलवार, चाकू, बंदूक, कार, बाइक पर रखकर बीच सड़क केक काटने, आतिशबाजी और स्टंट करने का ट्रेंड चल रहा है। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद भी सिलसिला नहीं रुक रहा है। अब फिर हाईकोर्ट ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई केवल दिखावे के लिए नहीं होनी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *