दमोह जिले के पटेरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से एक किसान के 43,000 रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने आरोप लगाया है कि बैंक परिसर के भीतर उसके थैले को काटकर यह राशि चुराई गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कुम्हारी थाना क्षेत्र के सग़ौनी गांव निवासी किसान दशरथ विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने धान बेचकर मिली राशि अपने बैंक खाते में जमा की थी। गुरुवार दोपहर वह पटेरा स्थित एसबीआई बैंक की शाखा में 50,000 रुपए निकालने पहुंचे थे।
दशरथ विश्वकर्मा के अनुसार, उन्होंने कैशियर से 50,000 रुपये निकाले और उन्हें अपने थैले में रखकर दूसरे काउंटर पर खड़े हो गए। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके थैले को काट दिया और उसमें से 43,000 रुपए निकाल लिए। कुछ देर बाद जब उन्होंने थैला देखा, तो वह कटा हुआ था और उसमें केवल 7,000 रुपए बचे थे। पीड़ित किसान ने तत्काल बैंक प्रबंधन को चोरी की सूचना दी। बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें दशरथ विश्वकर्मा के पास एक महिला और एक लड़की खड़ी दिखाई दे रही हैं। किसान को शक है कि इन्हीं लोगों ने पैसे चुराए हैं। घटना के बाद दशरथ विश्वकर्मा ने पटेरा थाने पहुंचकर पुलिस को एक आवेदन दिया। पटेरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि किसान का आवेदन प्राप्त कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


