वाराणसी के सिंधौरा थानक्षेत्र के बूची गांव में डीजे के विवाद में एक दलित अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जबकि उसे बचाने में उसके पांच परिजन भी लहूलुहान हो गए। मृतक त्रिलोकी राम (55) को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां तबियत बिगड़ने के बाद उसे जिला चिकित्सालय में एडमिट कराया गया। यहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह त्रिलोकी की मौत हो गई। इस दौरान त्रिलोकी को बचाने में पांच और लोग घायल हुए हैं। जिनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार – बुधवार को गांव में होली के मौके पर डीजे बज रहा था। इसी दौरान डीजे पर नाचने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने लाठी, डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में त्रिलोकी राम (55) के सिर में गंभीर चोट लग गई। इस दौरान त्रिलोकी को बचाने पहुंचे उसके बेटे राहुल(29), मुलायम(25) और घर के सदस्य छेदी(42), फूलपत्ती(36) और जयप्रकाश(45) को भी मनबढ़ों ने जमकर पीटा जिससे सभी घायल हो गए। सभी का इलाज इस समय निजी और सरकारी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों ने गांव के ही नरमू, गुड्डू, राजा, संदीप और गोविंदा के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है। आरोप है कि इन सब के साथ मौजूद अज्ञात लोगों ने अचानक लाठी-डंडा और ईंट पत्थर से त्रिलोकी के ऊपर हमला कर दिया। उसे बचाने जो भी गया उससे इन्होने लाठी-डंडे से जमकर पीटा और वहां से फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया – तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना के बाद तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।


