जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लोहता गांव में एक दलित परिवार पर हमला किया गया। रविवार को हुई इस घटना में डेढ़ दर्जन अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें दो महिलाएं घायल हो गईं। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की और मवेशियों को खूंटे से खोलकर भगा दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। घटना रविवार को उस समय हुई जब जियालाल गौतम की 43 वर्षीय पत्नी आशा देवी अपने घर में काम कर रही थीं। इसी दौरान लगभग डेढ़ दर्जन लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस गए। हमलावरों ने सबसे पहले घर परिसर में बंधे मवेशियों को खूंटे से खोलकर भगा दिया। 4 तस्वीरें देखिए… इसके बाद हमलावरों ने आशा देवी और उनकी जेठानी गंगाजली पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा, दुर्व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी देते हुए आशा देवी के कपड़े भी फाड़ दिए। परिवार ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की और सामने बनी रिहायशी मड़ई को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसमें रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावर घर में रखा भूसा, चावल, गेहूं और अन्य राशन सामग्री भी लूट ले गए। परिवार के अनुसार, सभी हमलावर मुंह बांधे हुए थे। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। उन्होंने सरायख्वाजा पुलिस को तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


