DA बढ़ा, सैलरी में सुधार… BSP ठेका श्रमिकों को मिला सीमित लाभ, लेकिन मूल वेतन पर अब भी इंतजार

DA बढ़ा, सैलरी में सुधार… BSP ठेका श्रमिकों को मिला सीमित लाभ, लेकिन मूल वेतन पर अब भी इंतजार

Bhilai Steel Plant News: छत्तीसगढ़ के भिलाई जिले में केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्रालय से जारी आदेश के मुताबिक 1 अप्रैल से महंगाई भत्ता में संशोधन किया गया है। यह संशोधन उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में वृद्धि के आधार पर किया गया है। जिसके फलस्वरूप अलग-अलग श्रेणियों के श्रमिकों के दैनिक वेतन में आंशिक बढ़ोतरी हुई है।

बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्जवल दत्ता ने बताया कि वर्तमान में किया गया यह संशोधन केवल महंगाई भत्ता तक सीमित है व मूल वेतन दर में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। आदेश वेज कोड के प्रावधानों, विशेष रूप से धारा 69(2) व धारा 7(2) के तहत जारी किया गया है। इन प्रावधानों के अनुसार यह संशोधित दरें केवल अस्थायी रूप से लागू रहेंगी और केंद्र सरकार की ओर से नया नोटिफिकेशन जारी होते ही स्वत: प्रभावहीन हो जाएंगी।

Bhilai Steel Plant News: ठेका श्रमिकों का बढ़ेगा वेतन

उन्होंने बताया कि केंद्रीय वेतनमान लागू होते ही बीएसपी के ठेका श्रमिकों को केंद्रीय वेतनमान मिलने लगेगा। इस तरह से उनके वेतन में इजाफा हो जाएगा। यह संशोधन श्रमिकों को महंगाई से राहत देने के लिए एक अंतरिम कदम है।

सरकार ने व्यापक स्तर पर नया वेतनमान लागू करने की प्रक्रिया काफी समय से प्रगति पर है और अब यह अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। श्रमिकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए इस प्रस्ताव को पुन: केंद्र सरकार के पास अनुमोदन के लिए भेजा गया है, ताकि लागू होने पर श्रमिकों को अधिकतम लाभ तय किया जा सके।

इस्पात उद्योग से जुड़े श्रमिकों को मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित नए वेतनमान के लागू होने के बाद इस्पात उद्योग से जुड़े श्रमिकों को केंद्रीय स्तर के अनुरूप वेतन प्राप्त होगा। इससे न केवल श्रमिकों की आय में इजाफा होगी, बल्कि उनके जीवन स्तर, सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक स्थिरता में भी महत्वपूर्ण सुधार आएगा।

बीएसपी वर्कर्स यूनियन ने इस दिशा में निरंतर प्रयास करते हुए श्रमिकों की मांगों को प्रभावी रूप से शासन-प्रशासन के समक्ष रखा है। यह प्रस्ताव श्रमिकों के दीर्घकालिक हितों की रक्षा करेगा, उद्योग में कार्यरत कर्मचारियों को न्यायसंगत व सम्मानजनक वेतन तय करेगा।

इसी माह आ जाएगा नोटिफिकेशन

उन्होंने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए यह उम्मीद है कि केंद्र सरकार इसी माह किसी भी समय नया वेतन संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। इस नए नोटिफिकेशन के लागू होते ही वर्तमान वेतन संरचना समाप्त हो जाएगी और संशोधित, व्यापक व अधिक लाभकारी वेतनमान लागू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *