बुरहानपुर सायबर सेल ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में सोमवार को पीड़ित को ₹1,28,940 वापस दिलाए हैं। पीड़ित से निवेश के नाम पर कुल ₹3,90,400 की ठगी की गई थी। गणपतिनाका थाना क्षेत्र की न्यू शिव कॉलोनी निवासी ऋषभ कुवाडे को ट्रेडिंग में निवेश का एक प्रस्ताव मिला था, जिसमें अत्यधिक रिटर्न का वादा किया गया था। उन्होंने IMPS ट्रांजैक्शन के माध्यम से अनावेदक के बैंक खाते में कुल ₹3,90,400 जमा किए थे। जब ऋषभ ने अपनी निवेशित राशि वापस लेने का प्रयास किया, तो उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिला। धोखाधड़ी का संदेह होने पर, पीड़ित ने तत्काल 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई। सायबर सेल की तत्परता रंग लाई
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर, गणपतिनाका थाने में सायबर हेल्प डेस्क के आरक्षक गोलु ब्राह्मणे ने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने तत्काल नेशनल सायबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की। सायबर सेल टीम, जिसमें आरक्षक दुर्गेश पटेल, सत्यपाल बोपचे, ललित चौहान, शक्तिसिंह तोमर और सायबर हेल्प डेस्क के आरक्षक गोलु ब्राह्मणे शामिल थे, ने विभिन्न बैंकों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया। टीम के त्वरित और प्रभावी प्रयासों के कारण, धोखाधड़ी की गई राशि में से ₹1,28,940 को सफलतापूर्वक होल्ड कर लिया गया। विधिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद, यह राशि पीड़ित ऋषभ कुवाडे के बैंक खाते में सुरक्षित रूप से वापस कर दी गई। पुलिस ने जनता से अपील की कि ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। जिला बुरहानपुर के सभी थानों पर सायबर हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध है।


