जिला मुख्यालय पर मानासर स्थित पशु मेला मैदान में आयोजित हो रहे विश्व विख्यात श्री रामदेव पशु मेले में शुक्रवार की शाम लोक संस्कृति और देशभक्ति के अनूठे संगम के नाम रही। नगर परिषद और श्री सीमेंट के सहयोग से आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड फेम ‘दंगल’ के गायक सरताज खान और सरवर खान ने अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को झुमने को मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का आगाज राष्ट्रगीत ‘वंदेमातरम्’ से हुआ, जिसने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। इस दौरान मेले में मौजूद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम जन ने अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। लोकगायक सरताज और सरवर खान ने राजस्थानी संस्कृति से ओत-प्रोत एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। डांसर्स ने ‘घूमर’, ‘पलो लटके’, ‘म्हारो हैलो सुणो रामसा पीर’ और ‘लीलण सिणगारे’ जैसे प्रसिद्ध गीतों पर मनमोहक नृत्य पेश कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मेले की इस शाम में ‘संदेशे आते हैं’ जैसे देशभक्ति गीतों और ‘यमला पगला दीवाना’ जैसे बॉलीवुड गीतों का तड़का भी लगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी किया गया ताकि दूर बैठे दर्शक भी इसका आनंद ले सकें। इस अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, एसडीएम गोविंद सिंह भींचर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच का सफल संचालन लविना आहूजा ने अपनी ओजस्वी वाणी में किया। इस बार की सांस्कृतिक संध्या में भारी जनसैलाब उमड़ा, जिससे मेले की रौनक और बढ़ गई।


