CUET PG 2026 City Intimation Slip Download: National Testing Agency (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट पोस्टग्रेजुएट यानी CUET PG 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 8, 9 और 10 मार्च 2026 को होनी है, उनके लिए एडवांस एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप उपलब्ध करा दी गई है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/CUET-PG पर जाकर इसे देख सकते हैं। यह परीक्षा देश भर के केंद्रीय, राज्य और अन्य भाग लेने वाले विश्वविद्यालयों में पीजी कोर्स में दाखिले का मुख्य रास्ता है। इस साल CUET PG की परीक्षा 6 मार्च से 27 मार्च 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में कराई जा रही है।
CUET PG 2026 City Intimation Slip: सिटी इंटिमेशन स्लिप क्या है?
हर साल कई छात्र इसे एडमिट कार्ड समझ बैठते हैं। लेकिन साफ कर दें यह एडमिट कार्ड नहीं है। यह सिर्फ एक सूचना पर्ची है, जिसमें बताया जाता है कि आपकी परीक्षा किस शहर में होगी। इसका मकसद है कि छात्र पहले से यात्रा और रहने की तैयारी कर सकें। इस स्लिप में उम्मीदवार का नाम, परीक्षा की तारीख और आवंटित शहर-राज्य की जानकारी दी जाती है। ध्यान रखें, परीक्षा केंद्र का पूरा पता इसमें नहीं होता। वह जानकारी सिर्फ एडमिट कार्ड में ही मिलेगी।
CUET PG 2026: 8 से 10 मार्च को किन विषयों की परीक्षा?
NTA के कार्यक्रम के मुताबिक इन तीन दिनों में कई अहम विषयों की परीक्षा होगी और पेपर तीन शिफ्ट में लिए जाएंगे। 8 मार्च को बी.एड (विभिन्न विषय), जनरल मैनेजमेंट और जनरल पेपर की परीक्षा होगी। 9 मार्च को सांख्यिकी, बी.एड गणित, फ्रेंच, तेलुगु और क्रिमिनोलॉजी के पेपर तय हैं। 10 मार्च को डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, एम.ए. एजुकेशन, फॉरेंसिक साइंस और होम साइंस की परीक्षा कराई जाएगी।
CUET PG 2026: एडमिट कार्ड कब तक?
आमतौर पर परीक्षा से तीन से चार दिन पहले एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाते हैं। ऐसे में 8 मार्च की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 4 या 5 मार्च तक जारी होने की उम्मीद है। एडमिट कार्ड में रोल नंबर, परीक्षा केंद्र का पूरा पता, रिपोर्टिंग टाइम और शिफ्ट की सही जानकारी दी जाएगी। परीक्षा हॉल में प्रवेश के लिए यही डॉक्यूमेंट मान्य होगा।


