RR vs CSK Weather Report: IPL 2026 के सबसे बड़े बदलावों का गवाह बनेगा गुवाहाटी! संजू सैमसन अब CSK की कमान में, तो जडेजा पहनेंगे राजस्थान की गुलाबी जर्सी। क्या बारिश इस रोमांचक मुकाबले में विलेन बनेगी और कैसी लगेगी धोनी के बिना चेन्नई की टीम? जानिए वेदर रिपोर्ट और पॉइंट्स टेबल का पूरा गणित।
IPL 2026, CSK vs RR Weather Report: आईपीएल का रोमांच अब अपने चरम पर है! चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) सोमवार को गुवाहाटी के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अपने आईपीएल 2026 के सफर का आगाज करने जा रही है। पिछला साल चेन्नई के लिए बुरा रहा था, जब टीम अंक तालिका में सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर रही थी। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स का पिछला सीजन भी कुछ खास नहीं रहा था और वे 9वें नंबर पर रहे थे। लेकिन इस बार कहानी पूरी तरह बदल चुकी है। एक तरफ संजू सैमसन अब चेन्नई की जर्सी में नजर आएंगे, तो दूसरी तरफ राजस्थान ने रियान पराग को कप्तानी सौंपकर और चेन्नई के रवींद्र जडेजा को अपनी टीम में शामिल कर मास्टरस्ट्रोक खेला है। दोनों टीमें पिछले साल की नाकामियों को भुलाकर एक नई पहचान बनाने के लिए बेताब हैं।
RR vs CSK: कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
गुवाहाटी में दिनभर बादल छाए रहने की उम्मीद है और बीच-बीच में हल्की बौछारें भी गिर सकती हैं। शाम के समय उमस (Humidity) बढ़ सकती है और लगातार बादलों की मौजूदगी की वजह से मैच के दौरान हल्की बूंदाबांदी की आशंका बनी रहेगी। तापमान 27°C से 19°C के बीच रहने का अनुमान है। अच्छी बात यह है कि मैच शुरू होने के समय बारिश का खतरा काफी कम (लगभग 20%) हो जाएगा, जिससे खेल बिना किसी बड़ी रुकावट के सुचारू रूप से आगे बढ़ सकेगा।
बारिश हुई तो किसको होगा फायदा
अगर गुवाहाटी में बारिश ने खेल बिगाड़ा और मैच रद्द हुआ, तो पॉइंट्स टेबल का गणित थोड़ा पेचीदा हो जाएगा। नियमों के मुताबिक, अगर मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी या नतीजा नहीं निकल पाया, तो दोनों टीमों (CSK और RR) के बीच 1-1 अंक बांट दिया जाएगा। सीजन की शुरुआत में 1 अंक मिलना हार से तो बेहतर है, लेकिन नेट रन रेट (NRR) में कोई बदलाव नहीं होगा। चूंकि ये दोनों टीमों का इस सीजन का पहला मैच है, इसलिए अंक तालिका में ये बिना किसी जीत या हार के बीच के पायदानों पर अटकी रहेंगी। असली चुनौती तब बढ़ेगी जब सीजन के आखिर में प्ले-ऑफ की रेस कड़ी होगी, तब यही एक अंक किसी टीम के लिए वरदान साबित हो सकता है तो किसी के लिए क्वालीफाई न कर पाने का दुख।
मैच प्रेडिक्शन – कौन मारेगा बाजी?
राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स, दोनों ही टीमें पिछले सीजन के खराब प्रदर्शन के बाद नए चेहरों और नई रणनीति के साथ मैदान में उतर रही हैं। राजस्थान को अपने दूसरे घर (Guwahati) की परिस्थितियों का फायदा मिलेगा। खासकर कप्तान और लोकल बॉय रियान पराग अपने घरेलू मैदान पर बड़ा प्रभाव छोड़ना चाहेंगे। हालांकि, मौसम और पिच की स्थिति मैच का पासा पलट सकती है। दूसरी तरफ, चेन्नई की टीम संजू सैमसन के आने से काफी मजबूत दिख रही है, और टीम उनके इस मैदान के अनुभव का पूरा फायदा उठाना चाहेगी, लेकिन एमएस धोनी और डेवाल्ड ब्रेविस की शुरुआती मैचों में गैरमौजूदगी उनके लिए एक बड़ी चुनौती है। उनकी जगह संजू सैमसन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे और ऋतुराज गायकवाड़ के साथ ओपनिंग कर सकते हैं। अगर इतिहास देखें, तो पिछले 7 मैचों में से 6 जीतकर राजस्थान का पलड़ा भारी रहा है।
Sports – Patrika | CMS


