अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद रेल मंडल के तहत बेचराजी-रणुज रेल खंड के ब्रॉडगेज में परिवर्तन का कार्य पूरा हो गया है। लगभग 40 किलोमीटर लंबाई एवं ₹520 करोड़ की लागत के इस प्रोजेक्ट से उत्तर गुजरात को सुदृढ़ रेल संपर्क प्रदान किया गया है।
अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि इस खंड पर अब तक मालगाड़ियों का संचालन किया जा रहा था। अब यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ करने के उद्देश्य से रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) निरीक्षण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण पूर्ण होने के पश्चात इस खंड पर यात्री रेल सेवाओं का संचालन प्रारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध यात्रा सुविधा प्राप्त होगी।
इस संबंध में अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश की अध्यक्षता में अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गुजरात रेल अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (जी-राइड) के निदेशक राजकुमार, महाप्रबंधक (सिविल) शिवेन्द्र कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) मंजू मीणा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अन्नू त्यागी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. जेनिया गुप्ता तथा वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) वैभव सकलेचा उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मेहसाणा लोकसभा क्षेत्र के सांसद हरिभाई पटेल के साथ दूरभाष पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्हें बेचराजी-रणुज रेल खंड के सीआरएस निरीक्षण के लिए प्रेषित प्रस्ताव, वर्तमान प्रगति एवं आगामी यात्री सेवाओं के संचालन से संबंधित जानकारी से अवगत कराया गया।
साथ ही, इस रेल खंड के विद्युतीकरण के लिए भी स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई, जिससे भविष्य में इस मार्ग पर और अधिक तेज, पर्यावरण-अनुकूल एवं ऊर्जा दक्ष रेल संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।
अहमदाबाद रेल मंडल की ओर से इस प्रोजेक्ट को उच्च गुणवत्ता मानकों एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया गया है। यह पहल भारतीय रेलवे की यात्री-केंद्रित, आधुनिक एवं विकासोन्मुख कार्यप्रणाली को दर्शाती है। इस रेल खंड के प्रारंभ होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी तथा उत्तर गुजरात के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 अगस्त 2025 को गुजरात दौरे के दौरान ₹1,400 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न रेलवे प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित किए थे, इनमें यह प्रोजेक्ट राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति तथा पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित की गई है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षित, तेज एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा।
ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी इलाकों को मिलेगा सीधा लाभ
बेचराजी-रणुज रेल खंड के तहत मध्यवर्ती प्रमुख स्टेशनों में खांभेल एवं चाणसमा शामिल हैं, जो मेहसाणा एवं पाटण जिलों के महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। इस खंड पर यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ होने पर इन क्षेत्रों के ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी इलाकों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से बेचराजी मंदिर एवं वहां आयोजित मेला में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु इस रेल सुविधा से विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। यह रेल खंड क्षेत्रीय आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करते हुए रोजगार के अवसरों में वृद्धि में सहायक होगा।


