केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उप निरीक्षक बेजेन्द्र सिंह का मथुरा में सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। वे श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में ड्यूटी पूरी कर लौट रहे थे। उनके निधन से गोवर्धन क्षेत्र के भवनपुरा गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, सीआरपीएफ एसआई बेजेन्द्र सिंह शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में ड्यूटी निभाकर लौट रहे थे। टाउनशिप क्षेत्र में रास्ते में उनका भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए फरीदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चलता रहा, लेकिन दो दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना की जानकारी गांव भवनपुरा में उनके पड़ोसी भतीजे कान्हा चौधरी और सगे भतीजे कृष्णा कुंतल द्वारा दी गई। निधन की सूचना गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक छा गया। रविवार शाम को बेजेन्द्र सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भवनपुरा पहुंचा। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान पूरा गांव भारत माता की जय और वीर जवान अमर रहें के नारों से गूंज उठा। शोक संतप्त परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों की मौजूदगी में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेजेन्द्र सिंह के निधन से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र ने एक समर्पित जवान को खो दिया है। उनकी सेवा को क्षेत्रवासी हमेशा याद रखेंगे।


