कड़ाधाम में मन्नत पूरी करने के लिए लेटकर परिक्रमा:नवरात्रि में भक्तों की भीड़, घाट से गर्भगृह तक पुलिस तैनात

कड़ाधाम में मन्नत पूरी करने के लिए लेटकर परिक्रमा:नवरात्रि में भक्तों की भीड़, घाट से गर्भगृह तक पुलिस तैनात

कौशांबी के शक्तिपीठ कड़ा धाम में चैत्र नवरात्र मेले के चौथे दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही भक्तों ने माता शीतला के दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू कर दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता शीतला के साथ ही धाम स्थित बाबा काल भैरवनाथ मंदिर, बड़े हनुमान और फूलमती माता के दरबार में भी पूजा-अर्चना की। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की। कड़ा धाम मंदिर में भक्त अपनी मन्नतें पूरी होने पर लेटकर परिक्रमा करते हैं। यह एक कठिन और समर्पण से भरी धार्मिक साधना मानी जाती है। पुरोहितों के अनुसार, इस परिक्रमा से माता शीतला प्रसन्न होती हैं और भक्तों के कष्ट, बीमारियां तथा पाप हर लेती हैं। श्रद्धालु संतान प्राप्ति, रोग मुक्ति या सफलता जैसी मनोकामनाएं पूरी होने पर मन्नत के तौर पर यह परिक्रमा करते हैं। 51 शक्तिपीठों में से एक माता शीतला के कड़ा धाम मंदिर में नवरात्रि के नौ दिवसीय मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु आते हैं। कौशांबी के अलावा प्रतापगढ़, फतेहपुर, रायबरेली, उन्नाव, सुल्तानपुर, भदोही, जौनपुर, वाराणसी, औरैया, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित कई जनपदों से हजारों की संख्या में भक्त माता के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। नौ दिवसीय मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ पांडेय पुलिस बल और पीएसी के जवानों के साथ लगातार गश्त कर रहे हैं। कुबरी घाट, कालेश्वर घाट, हनुमान घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। इन घाटों पर माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को गंगा के गहरे पानी में स्नान न करने के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *