देवरिया में हनुमान जन्मोत्सव, मंदिरों में भक्तों की भीड़:सुरक्षा के कड़े इंतजाम, दिनभर चला पूजा-पाठ का दौर

देवरिया में हनुमान जन्मोत्सव, मंदिरों में भक्तों की भीड़:सुरक्षा के कड़े इंतजाम, दिनभर चला पूजा-पाठ का दौर

देवरिया जिले में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों में संकटमोचन हनुमान के दर्शन के लिए विशेष उत्साह देखा गया। शहर के प्रसिद्ध मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर और रामजानकी मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में भोर से ही लंबी कतारें देखी गईं। श्रद्धालु फूल, माला और प्रसाद लेकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। मंदिरों के कपाट खुलने पर “बजरंग बली की जय” और “जय श्री राम” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। जन्मोत्सव के लिए मंदिरों को फूलों और विद्युत झालरों से सजाया गया था। भक्तों ने बजरंग बली को सिंदूर और चोला चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। कई स्थानों पर अखंड रामायण पाठ और सामूहिक सुंदरकांड का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान बूंदी के लड्डू और हलवे का प्रसाद भी वितरित किया गया। देसही विकास खंड के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर और रामजानकी मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दिनभर पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चला। शाम को मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर में एक संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। प्रमुख मंदिरों पर पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही और श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नहीं हुई। मंदिर समितियों ने स्वयंसेवकों की सहायता से दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित रखा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *