इंदौर के कई पेट्रोल पंपों पर मंगलवार रात को अचानक लोगों की भीड़ लग गई। लोगों का कहना है कि पेट्रोल की तकलीफ आने की बात सुनी तो वे पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंच गए। इधर, प्रशासन का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, इन दिनों पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर कई चचाएं चल रही है। ऐसे में लोग भी पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर असमंजस में है। मंगलवार रात को शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कोई अपनी गाड़ी की टंकी फूल कराने पहुंच गया तो कोई अपनी सुविधा के हिसाब से पेट्रोल भरवाने। अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे नवीन साहू ने बताया कि सुना है कि पेट्रोल की तकलीफ आने वाली है, इसलिए पेट्रोल भरवाने पहुंचे हैं। पेट्रोल पंप पर लोगों की लाइन लगी है। ऐसा लग नहीं रहा है कि पेट्रोल-डीजल की तकलीफ आएंगी, लेकिन माहौल बना रखा है, लोग घबरा जाते हैं और पेट्रोल भरवाने पहुंच जाते हैं। टंकी भरी है, लेकिन जितने का पेट्रोल आ जाए भरा लेंगे। मोहम्मद अनवर ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लाइन लगी है। बहुत देर से खड़े हैं। बड़ी गाड़ियों में पहले भर रहे हैं, जो चर्चाएं चल रही हैं, ऐसे में पेट्रोल भराने पहुंचे हैं। वहीं आकाश प्रजापत ने बताया कि युद्ध के चक्कर में पेट्रोल पंप पर लाइन लगी है। स्थिति को देखते हुए पेट्रोल भरवाने पहुंचे। समस्या सभी जगह है, केवल भारत में नहीं है। अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई इंदौर जिले में पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति की जा रही है।
जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल.मारू ने बताया कि जिले के डिपो में भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, जहां से लगातार डीलर्स को सप्लाई की जा रही है। ईंधन आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है और कहीं भी किसी प्रकार की समस्या नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से घबराहट में ईंधन का संग्रह न करें। जिले में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।


