बुरहानपुर में मंगलवार रात पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के कारण लोग पेट्रोल भरवाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए लोगों को समझाया कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। यह घटना मंगलवार रात को हुई जब सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कमी से संबंधित अफवाहें फैलने लगीं। इन अफवाहों के बाद, शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया
सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और तहसीलदार प्रवीण ओहरिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस के वाहनों से लगातार अनाउंसमेंट भी किया गया, जिसमें आम जनता से घबराहट में पेट्रोल न खरीदने का आग्रह किया गया। तहसीलदार प्रवीण ओहरिया ने बताया कि उन्हें पेट्रोल पंपों पर भीड़ की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुरहानपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। पेट्रोल भरवाने आए कुछ लोगों ने बताया कि वे सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के कारण पंप पर पहुंचे थे। देर रात तक कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ बनी रही, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर रवाना किया। संचालक बोले- पर्याप्त मात्रा में है उपलब्धता
पेट्रोल पंप संचालक हिमांशु अग्रवाल ने भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और नियमित रूप से पर्याप्त माल आ रहा है। उन्होंने बताया कि यह भीड़ सोशल मीडिया की खबरों और एक-दूसरे को देखकर पैदा हुई घबराहट का परिणाम है। अधिकांश पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।


